Facial लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Facial लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, जून 18, 2011

फ्रूट फेशियल

शुरुआत ऐसे करें : फ्रूट मास्क लगाने से पहले चेहरे व गर्दन को अच्छी तरह साफ कर लें। अपनी त्वचा की किस्म के मुताबिक फल चुनें। कोई भी फ्रूट मास्क 15-20 मिनट तक लगाना जरूरी है। धोने के बाद बर्फ के पानी की छींटें जरूर डालें, ताकि छिद्र बंद हो जाएं।




तैलीय त्वचा के लिए : ऐसी त्वचा पर लगातार चिपचिपापन और तैलीयपन रहता है। खास तौर पर माथे, नाक, ठोडी और गालों के उभार वाले स्थान (चीक बोन) के नीचे।



खीरे व टमाटर का फेशियल : यह त्वचा को साफ करता है और छिद्र को बंद करने में मदद करता है। खीरे में प्राकृतिक मॉयस्चराइजर होता है। इसमें मौजूद एस्कॉर्बिक एसिड और कैफेइक एसिड काले घेरों और आंखों की थकावट को कम करने में मदद करते हैं। एक्ने नहीं बनने पाते। टमाटर त्वचा का तेल संतुलित रखने में मदद करता है और उसे ताजगी व ठंडक प्रदान करता है। चेहरा धोने के बाद एक टमाटर काटकर गोलाई में हलके हाथों से चेहरे पर मलें। इसके बाद खीरे को कस कर चेहरे पर 10-15 मिनट तक लगाएं। फिर साफ पानी से धोकर नर्म तौलिये से थपथपाकर सुखा लें। यह फेशियल हफ्ते में दो बार कर सकती हैं।



गाजर फेशियल : गाजर को कस कर उसमें शहद मिलाएं और चेहरे व गर्दन पर लगाएं। 10 मिनट बाद अंगुलियों को नीचे से ऊपर की दिशा में घुमाते हुए हलका मसाज करें। फिर ठंडे पानी से धो लें। इसके अलावा अनन्नास का रस निकाल कर चेहरे पर लगाएं। चाहें तो थोडा सा कसा हुआ खीरा इसमें मिला लें। 15 मिनट बाद साफ पानी से धो लें।



रूखी त्वचा के लिए : यह त्वचा कभी बेजान तो कभी चमकदार नजर आती है, लेकिन गर्मियों में रूखी त्वचा की देखभाल सही ढंग से न की जाए तो वह अत्यधिक रूखी व बेजान हो जाती है। ऐसी त्वचा के लिए गाजर एक बेहतरीन फल है। गाजर में विटमिन ए होता है, जो त्वचा के कोश को बरकरार रखने और उन्हें मजबूती प्रदान करने में मदद करता है। इसमें मौजूद कैरोटिन त्वचा में नमी का संतुलन बनाए रखता है। साथ ही त्वचा पर उम्र के असर की प्रक्रिया को धीमा करने में मदद करता है। चेहरे पर चमक लाता है। इसके अलावा अनन्नास फेशियल भी उपयोगी होता है। यह त्वचा में कसाव लाता है और छिद्र को बंद करके त्वचा को चमकदार बनाता है।



एवोकैडो फेशियल : ऐवोकैडो में विटामिन ई होता है, जो त्वचा में कुदरती निखार लाता है। इसमें मौजूद प्रोटीन और फैट त्वचा में नमी का संतुलन बनाए रखते हैं। इससे लकीरें भी जल्दी नजर नहीं आती। एवोकैडो में 1 अंडे की जर्दी मिलाकर चेहरे पर 20 मिनट तक लगाएं। फिर साफ पानी से धो लें। गर्मियों में रूखी त्वचा के लिए यह सबसे बेहतरीन फेशियल है। इसे छुडाते समय गोलाई में मलते हुए धोएं।



झुर्रियों के लिए : यहां दिए गए किसी भी एक फेशियल का इस्तेमाल करके आप लंबे समय तक जवां बनी रह सकती हैं-



अनार का फेशियल : 2 टी सूपन अनार का रस, 1 स्पून पपीते का गूदा, 1 टी स्पून मिल्क पाउडर, एक साथ मिलाकर चेहरे पर लगाएं। 15 मिनट बाद धो लें। फिर कुछ देर ठंडे पानी की छींटे चेहरे पर मारें। पपीता त्वचा में कसाव लाता है और रंगत में निखार भी।



पीच फेशियल : इसमें अल्फा हाइड्रॉक्सी एसिड (एएचए) होता है, जो त्वचा को पोषण देता है और मृत त्वचा हटाता है। यह झुर्रियों को कम करके चेहरे पर कसाव लाता है। आडू के गूदे को पकी हुई ओट मील या दही के साथ अच्छी तरह मिलाकर चेहरे पर नीचे से ऊपर की दिशा में मसाज करते हुए लगाएं। 5 मिनट मसाज के बाद पूरे चेहरे पर लगाकर 10 मिनट के लिए छोड दें। ओटमीट त्वचा की जलन को कम करेगी और नमी प्रदान करेगी।



सामान्य त्वचा के लिए : यह त्वचा न अधिक तैलीय और न अधिक रूखी होती है। इसकी देखभाल के लिए आप एवोकैडो मास्क का इस्तेमाल करें। यह त्वचा को सूर्य की नुकसानदेह किरणों से सुरक्षा देगा और त्वचा की नमी बनाए रखेगा। एवोकैडो का गूदा मसलकर उसमें थोडा शहद मिलाएं और चेहरे और गर्दन पर हलका मसाज करते हुए लगाएं 15 मिनट बाद साफ पानी से धो लें।



बनाना वंडर फेशियल : केला त्वचा को मॉयस्चराइज करता है। गर्मियों में त्वचा में नमी का संतुलन बनाए रखता है। खासतौर पर यह रूखी त्वचा पर जादुई निखार लाने में मदद करता है। केले का एक छोटा टुकडा लें। फिर उसे मसल लें। इसमें शहद मिलाकर चेहरे व गर्दन पर मसाज करें। ऐसा लगभग 5 मिनट तक करें। ठंडे पानी से धो लें। इसके बाद आपकी त्वचा साफ चिकनी व चमकदार हो जाएगी।



तरबूज फेशियल : यह त्वचा को ताजगी व ठंडक प्रदान करेगा। साथ ही सनबर्न भी दूर करेगा। 2 टी स्पून तरबूज के गूदे में 1/2 टी स्पून शहद और डेढ टी स्पून मुल्तानी मिट्टी मिलाकर त्वचा पर लगाएं। 2-3 मिनट मसाज करने के बाद 10 मिनट के लिए लगा रहने दें। फिर ठंडे पानी से धो लें।



पपीते का फेशियल : पपीते के 1 टी स्पून गूदे में, 1 टी स्पून खीरे का गूदा मिलाकर त्वचा पर लगाएं। साफ पानी से धो लें। यह त्वचा में इंस्टैंट ग्लो लाएगा।

मंगलवार, दिसंबर 07, 2010

हर्बल फेशियल


फेशियल से त्वचा स्वच्छ-सुंदर बनती है और असमय पड़ने वाली झुर्रियों से भी बचाव होता है। हर्बल फेशियल के किसी भी चरण में केमिकल प्रोडक्ट का यूज नहीं किया जाता है। इसे आप घर पर आसानी से कर सकती हैं ताकि आपकी त्वचा सर्द मौसम में भी दमकती रहे।

यूँ करें क्लींजिंगः हर्बल फेशियल की शुरुआत में चेहरे एवं गर्दन की सफाई करें। इसके लिए 1 टेबलस्पून चावल के आटे में दही मिलाकर पेस्ट बनाएँ एवं चेहरे एवं गर्दन पर अच्छी तरह मलें। फिर चेहरा धोकर साफ तौलिए से थपथपाकर पोछ लें।

जरूरी है मालिशः क्लींजिंग के बाद बारी है मसाज की। मालिश के लिए मलाई में कुछ बूँद बादाम का तेल मिलाकर प्रयोग करें। मालिश गर्दन से आरंभ करते हुए क्रमशः ठोड़ी, मुँह, नाक, गाल और माथे पर करें। मालिश हमेशा हल्के हाथ से नीचे से ऊपर की ओर तथा गोल-गोल घुमाते हुए करें। इस क्रिया से रक्तसंचार बढ़ेगा तथा आप स्वयं को तनावमुक्त महसूस करेंगी। अंत में उँगलियों के पोरों से पूरे चेहरे को थपथपाएँ।


NDहर्बल स्टीमः मालिश के पश्चात चेहरे पर भाप लें। एक बर्तन में पानी उबालकर थोड़ी नीम की पत्तियाँ डाल दें। अब तौलिए को सिर पर रखकर तौलिए से तपेली ढँकते हुए 5-7 मिनट भाप लें। फिर ब्लैकहेड रिमूवर की सहायता से ब्लैकहेड निकालें। अब तौलिए से चेहरा पोंछकर फेसपैक लगाएँ।

होममेड फेसपैकः फेसपैक लगाते समय अपनी त्वचा की प्रकृति का ध्यान अवश्य रखें। भौंहों एवं आँखों के घेरों पर फेसपैक न लगाएँ।

ड्राय स्किन के लिएः 2 टेबलस्पून मसूर दाल के आटे में थोड़ा-सा जैतून का तेल एवं ग्लिसरीन मिलाकर लगाएँ।

नॉर्मल स्किन के लिएः 1 चम्मच ऑरेंज पील पावडर एवं गुलाब जल मिलाकर लगाएँ।

ऑइली स्किन के लिएः 2 टेबलस्पून मुल्तानी मिट्टी, 1/2 चम्मच शहद एवं गुलाब जल मिलाकर लगाएँ।

फेसपैक लगाने के 1/2 घंटे बाद चेहरा धोकर तौलिए से थपथपाकर पोंछ लें। हल्का मॉश्चराइजर लगाएँ और अब देखिए कि आपकी त्वचा कितनी खुश लग रही है।

अब घर पर करें फेशियल, पार्लर जाने की जरुरत नहीं


हम जैसे ही घर से बाहर निकलते हैं हमारा सामना प्रदूषण से होता है। आज की महिलाएं बखूबी जानती हैं कि प्रदूषण हमारे स्वास्थ्य के साथ-साथ हमारी त्वचा के लिए भी हानिकारक है। हमारा चेहरा सबसे पहले कड़ी धूप और धूल से प्रभावित होता है।

अच्छे स्वास्थ्य के साथ-साथ अच्छी त्वचा भी जरूरी है और खूबसूरत त्वचा के लिए आपको बार-बार पार्लर जाने की जरुरत भी नहीं। हम आपको बताएंगे कुछ ऐसे टिप्स जिनसे आप घर पर ही फेशियल कर सकती हैं।

1- क्लीनिंग: पहला स्टेप है अपने चेहरे पर लगे मेकअप और उस पर चिपकी धूल को साफ करना। इसके लिए आप ठंडे दूध का उपयोग करें। ध्यान रखें चेहरे पर मेकअप नहीं रहना चाहिए। इसके बाद चेहरे पर ताजी मलाई मलें और इसे एक गीले कपड़े से साफ कर दें।

2- स्क्रबिंग: स्क्रबिंग रुखी त्वचा की सफाई के साथ ब्लड सर्कुलेशन भी बढ़ाता है। बादाम को छोटा-छोटा तोड़िए और उसे थोड़े से दूध के साथ मिलाइये, इससे आपका स्क्रब तैयार हो जाएगा। आप इसकी जगह नीम का उपयोग भी कर सकते हैं। स्क्रबिंग के लिए अपने हाथों को सर्कुलर मोशन में घुमाएं। इसके बाद चेहरा गीले कपड़े से साफ कर दें।

3- ब्लैक हैड्स हटाएं: अगला स्टेप है चेहरे से ब्लैक हैड्स और व्हाइट हैड्स को हटाना। इससे चेहरे की सारी गंदगी दूर हो जाती है। कुछ औषधिय गुणों वाले पौधे जैसे लैवेंडर और कैलेंडुला को पानी में उबाल लें और इस पानी की भाप लगभग 5 मिनट चेहरे पर लें। इससे आपकी त्वचा के रोम छिद्र खुल जाएंगे। इसके बाद ब्लैक हैड्स निकालने वाले टूल से ब्लैक हैड्स निकाल लें। जब एक बार रोम छिद्रों की सफाई हो गई तो इन्हें बंद करने के लिए कोल्ड पैक का इस्तेमाल करें। पैक के लिए कैमोमाइल चाय में बर्फ डालें और चेहरे पर धीरे-धीरे मलें।

4- घर पर बनाएं मास्क: ये फेशियल का सबसे महत्वपूर्ण अंग है। इसके लिए आप घर पर कई तरह के फेस पैक बना सकते हैं। जैसे-

1- एक कप आटे में दो चम्मच हल्दी, दो चम्मच चंदन, दो चम्मच बादाम का तेल और थोड़ा पानी मिलाएं। इस पेस्ट को अपने चेहरे पर लगाकर 30 मिनट तक छोड़ दें। इसे उतारते समय चेहरे की मसाज करें। ये पैक उन लोगों के लिए बेहद लाभदायक हैं जिन्हें पिंपल की शिकायत रहती है।

2- एक अंडे की ज़र्दी को एक चम्मच शहद के साथ मिलाएं। इसे चेहरे पर लगाकर 20 मिनट के लिए छोड़ दें। ये झुर्रियों वाली त्वचा के लिए फायदेमंद है। इससे रुखी त्वचा मुलायम हो जाती है।

3- गाजर को कस के दो चम्मच दूध पाउडर के साथ मिलाएं। इस मास्क को अपने चेहरे पर लगाकर 20 मिनट के लिए छोड़ दें। इससे त्वचा निखरी और खिली-खिली दिखती है।

चेहरे पर मास्क लगाने के बाद अपनी आखों पर खीरे के टुकड़े रखें और रिलैक्स हो जाएं। साथ में पसंदीदा संगीत भी सुन सकते हैं। इससे आपकी त्वचा के साथ शरीर और दिमाग को भी आराम मिलेगा। चेहरा धोने के बाद मॉश्चराइजर लगाएं।

रविवार, अप्रैल 11, 2010

फेशियल से चेहरा लगे चमकने

* क्या है प्रक्रिया :-
फेशियल करने के लिए सबसे पहले चेहरे को क्लीजिंग मिल्क से साफ किया जाता है। उसके बाद मसाज क्रीम से लगभग आधे घंटे मसाज करके चेहरे पर फेस पैक लगाया जाता है। फेशियल करने से चेहरे पर ग्लो आता है और चेहरा खिला-खिला सा लगने लगता है।



सर्दियों में त्वचा को नम बनाने के लिए मलाई व शहद का फेस पैक भी बहुत अच्छा होता है। मलाई में थोड़ा सा चंदन पावडर और मुलतानी मिट्टी मिलाकर एक अच्छा फेस पैक बनाया जा सकता है।



* कैसे करे मसाज :-
लगातार ठंडी हवाओं के संपर्क में रहने के कारण त्वचा रूखी सी हो जाती है अत: त्वचा की खोई नमी लौटाने के लिए हमें मौसम के अनुसार मसाज क्रीम का उपयोग करना चाहिए। घरेलू मसाज क्रीम के रूप में हम ग्लिसरीन और गुलाब जल के मिश्रण का उपयोग भी कर सकते हैं।

इस मौसम में ग्लिसरीन त्वचा के लिए बहुत अच्छा होता है। यह त्वचा के रूखेपन को दूर कर उसे नम बनाता है। त्वचा का मसाज करते समय हाथों में ग्लिसरिन व गुलाब जल का मिश्रण लेकर गालों तथा ठोडी पर अँगुलियों को गोलाई से घुमाकर मसाज करें। उसके बाद फोर हेड पर भी सेंटर प्वाइंट से लेकर मसाज करते हुए ऊपर से नीचे की ‍ओर लाए। इसी प्रकार नाक, गर्दन व पीठ पर भी मसाज करें।

मसाज हमारे शरीर की थकान को भी दूर करता है। अत: इस प्रक्रिया में एक्यूप्रेशर के प्वाइंट को अँगुलियों से प्रेस किया जाता है।

* फेस पैक कैसा हो :-
सर्दियों में त्वचा को नम बनाने के लिए मलाई व शहद का फेस पैक भी बहुत अच्छा होता है। मलाई में थोड़ा सा चंदन पावडर और मुलतानी मिट्टी मिलाकर एक अच्छा फेस पैक बनाया जा सकता है।

शहद में बेसन मिलाकर बनाया गया फेस पैक भी सर्दियों में त्वचा के लिए बहुत अच्छा होता है। बादाम के तेल में नींबू के रस की दो-तीन बूँद डालकर भी फेस पैक बनाया जा सकता है। फेस पैक को लगाने के बाद हल्के गर्म पानी से चेहरे को धो ले। फिर देखिए आपका चेहरा किस तरह से चमक उठता है।

* इन बातों का रखें ख्याल :-
* आँख हमारे शरीर का सबसे नाजुक हिस्सा होती है इसलिए आँखों पर न तो मसाज करें और न ही कोई फेस पैक लगाएँ।
* फेशियल में चेहरे पर ग्लो लाने के लिए चेहरे की अच्छे से मसाज करना बेहद आवश्यक है।
* सर्दियों में रात को सोते समय अपने चेहरे पर ग्लिसरिन लगाना न भूलें।
* फेशियल में मसाज करते समय हाथों को चलाने की भी एक निर्धारित प्रक्रिया होती है अत: उसी को ध्यान में रखकर चेहरे की मसाज करनी चाहिए।